हांसी : एचसीएस हिमांशु चौहान ने संभाला नगराधीश का पदभार
डीसी राहुल नरवाल के निर्देश पर प्रशासनिक तंत्र
को किया जाएगा और मजबूत
हांसी, 01 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सिविल सेवा
के 2023 बैच के अधिकारी हिमांशु चौहान ने हांसी जिले के पहले नगराधीश के रूप में अपना
पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और जिला
प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप शहर के विकास, कानून व्यवस्था और जनसेवा से जुड़े कार्यों
को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
नगराधीश हिमांशु चौहान ने बुधवार को कहा कि आमजन
की समस्याओं का त्वरित समाधान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन
और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित किया
जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों के साथ तालमेल बनाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं
को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा, ताकि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने
कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, राजस्व से जुड़े कार्यों तथा कानून
व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने
अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा
कि जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उल्लेखनीय है कि हिमांशु चौहान इससे पहले नूंह
में नगराधीश के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान उन्होंने
प्रशासनिक कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े मामलों के समाधान में
सक्रिय भूमिका निभाई। अब हांसी में पदभार संभालने के साथ ही उनसे प्रशासनिक कार्यों
को और अधिक गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर