सिरसा: प्रतिष्ठानों पर तैनात करें सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरे लगाएं : एएसपी

 


सिरसा, 25 मार्च (हि.स.)। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैसल खान ने कहा है कि पैट्रोल पंप संचालकों और स्वर्णकार अपने प्रतिष्ठानों पर गार्ड तैनात करें। इसके अलावा वे उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे स्थापित करें, ताकि किसी भी प्रकार की अपराधिक गतिविधि को रोका जा सके।

एएसपी बुधवार को सिरसा में पुलिस पब्लिक कमेटी के पदाधिकारियों, स्वर्णकारों तथा पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।एएसपी ने कहा कि पुलिस आमजन की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह सजग है, लेकिन प्रतिष्ठानों पर सतर्कता भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारियों के साथ मिलकर एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं और यदि आपको किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियां नजर आए तो तुरंत सूचना पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते अपराध करने वाले व्यक्ति को पकड़ा जा सके। इसके साथ ही पुलिस ने पैट्रोल पंपों, बैंकों और एटीएम के आस-पास गश्त बढ़ा दी है, और पीसीआर व राइडर 24 घंटे लगातार गश्त करेंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित कमेटी पदाधिकारियों से कहा कि सुरक्षा प्रबंधों में पूर्ण सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत सूचना पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए पेट्रोल पंप संचालकों और स्वर्णकारों के साथ नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों के पेट्रोल पंप और मुख्य बाजारों में विशेष सतर्कता बरतें। एएसपी ने कहा कि पुलिस और जनता एक-दूसरे के पूरक हैं। अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील की कि वे नशे और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्ति करें, ताकि समाज को पूरी तरह नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाया जा सके। इस अवसर पर डीएसपी संजीव बल्हारा, कल्याण निरीक्षक सीमा सोढ़ी सहित पुलिस पब्लिक कमेटी के सदस्य मौजद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma