एमडीए के विकास कार्यों में तेजी लाने के उपायुक्त ने दिए निर्देश

 


नूंह, 29 सितंबर (हि.स.)। मेवात विकास अभिकरण (एमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में मंगलवार को एमडीए के विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एमडीए के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों तथा लंबित परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन, खेल, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक आधारभूत ढांचे, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण सहित अन्य क्षेत्रों से संबंधित परियोजनाओं पर चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों ने उपायुक्त को चल रहे, पूर्ण हो चुके तथा टेंडर प्रक्रिया में शामिल विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।

एमडीए के माध्यम से विद्यालयों में पुस्तकालय एवं खेल सुविधाओं के विकास, स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, पशुपालन क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं, खेल स्टेडियमों के सुधार तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण सहित विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। बैठक में शिक्षा क्षेत्र के अंतर्गत जिला स्तरीय पुस्तकालय, विद्यालयों में पुस्तकालय एवं खेल सुविधाओं से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

इसके अलावा पशुपालन विभाग के प्रशिक्षण केंद्रों, टीकाकरण सुविधाओं तथा पशुधन से जुड़ी अन्य परियोजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली गई। उपायुक्त ने एडीपी एवं एबीपी के तहत चल रही विभिन्न परियोजनाओं की भी समीक्षा की। इनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, महिला एवं बाल विकास तथा अन्य जनकल्याणकारी क्षेत्रों से संबंधित कार्य शामिल रहे। उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों के साथ-साथ प्रगति पर चल रही तथा टेंडर स्तर पर लंबित परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी ली।

गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा हों विकास कार्य : उपायुक्त

उपायुक्त अखिल पिलानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेजी से आगे बढ़ाया जाए। जिन परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, उन्हें गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। ऐसे में संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। बैठक में एसडीएम फिरोजपुर झिरका रूहानी, एसीयूटी अमितेश पांगती, एसडीएम तावडू जितेंद्र कुमार, एसडीएम पुन्हाना अमित कुमार, डिप्टी सीईओ एमडीए अशोक कुमार, एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं सरपंच मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया