कैथल: ठगी के आरोप में एएसआई निलंबित, आर्थिक अपराध शाखा करेगी जांच

 

कैथल, 25 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के सेक्टर-21 में ई-नीलामी के जरिए प्लाट दिलाने और उसमें हिस्सेदारी देने के नाम पर करीब 17 लाख रुपये की ठगी के आरोपों के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। करनाल रेंज आईजी के सिक्योरिटी एजेंट एएसआई मदनलाल को निलंबित कर दिया गया है। आईजी कार्यालय के आदेश मिलने के बाद कैथल एसपी कार्यालय की ओर से निलंबन के आदेश जारी किए गए। मामले की आगे की जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई है।शिकायतकर्ता अमित सीकरी की ओर से दी गई शिकायत में एएसआई मदनलाल, उसके बेटे अजय और कपिल शर्मा पर प्लाट में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का भरोसा देकर करीब 17 लाख रुपये लेने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार मदनलाल उसका पड़ोसी होने के साथ उसके पिता का परिचित भी था, जिसके चलते उसने उस पर भरोसा किया था।शिकायत के मुताबिक सेक्टर-21 के एक प्लाट को ई-नीलामी में करीब 1.80 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। इसके बाद शिकायतकर्ता से अलग-अलग समय पर ऑनलाइन माध्यम और नकद रकम लिए जाने का आरोप है। आरोप है कि रकम लेने के दौरान 45 दिन में पैसे वापस करने का भरोसा दिया गया, लेकिन निर्धारित समय के बाद रकम लौटाने से इनकार कर दिया गया।मामले की जांच अब आर्थिक अपराध शाखा कर रही है। शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर ओम प्रकाश के अनुसार केस कुछ दिन पहले ही जांच के लिए उनके पास आया है। जांच के दौरान बैंक खातों में हुए लेन-देन, ई-नीलामी से संबंधित रिकॉर्ड, एचएसवीपी के दस्तावेज और रकम के लेन-देन से जुड़ी रसीदों की जांच की जाएगी। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने शुक्रवार को एएसआई मदनलाल के निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे