हिसार : बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के बीच मेयर ने बिजली घर पहुंचकर जांची व्यवस्था
हिसार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के बीच शहर में बिजली
आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मेयर प्रवीण पोपली ने शुक्रवार काे राजगढ़ रोड स्थित
बिजली घर का दौरा कर उपलब्ध संसाधनों, कर्मचारियों की स्थिति और बिजली आपूर्ति व्यवस्था
का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौजूदा हालात की जानकारी लेते हुए हड़ताल
के दौरान बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
मेयर ने अधिकारियों से कहा कि बिजली एक आवश्यक सेवा है और इससे जुड़ी समस्याओं
का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति
संबंधी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही, किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति
में उसे जल्द दूर करने के लिए आवश्यक संसाधन और वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखी जाए। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए बिजली आपूर्ति बहाल रखने
की दिशा में लगातार प्रयास करने पर जोर दिया, ताकि हड़ताल के दौरान उपभोक्ताओं को होने
वाली परेशानी को कम किया जा सके।
इस दौरान एसडीओ विकास नैन, पार्षद राजेश अरोड़ा, पार्षद जगमोहन मित्तल, पार्षद
राजेन्द्र बिडलान, पार्षद रवि सैनी और पार्षद प्रतिनिधि अनिल जैन व कुलदीप आदि मौजूद
रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर