कैथल: गाने की शूटिंग में हथियारों के प्रदर्शन पर सिंगर आर नेत की टीम को नोटिस

 

कैथल, 19 सितंबर (हि.स.)। जिले के गांव कमालपुर में पंजाबी गायक आर नेत के गाने की शूटिंग के दौरान हथियारों का सार्वजनिक रूप से प्रदर्शन किए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर शूटिंग से संबंधित वीडियो सामने आने के बाद कैथल पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस की ओर से शूटिंग के निर्देशक परम चहल को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

जानकारी के अनुसार करीब तीन दिन पहले आर नेत अपनी टीम के साथ गांव कमालपुर में एक गाने की शूटिंग के लिए पहुंचे थे। शूटिंग में हरियाणवी गायिका शिवा चौधरी भी शामिल थीं। इस दौरान कुछ लोग हाथों में बड़े हथियार लेकर उन्हें लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। शूटिंग से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।

डीएसपी बीर भान ने शनिवार काे बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस को शूटिंग के दौरान बिना अनुमति हथियारों के प्रदर्शन की जानकारी मिली। मामले में फिल्म डायरेक्टर परम चहल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह हथियारों का प्रदर्शन करना उचित नहीं है और इससे समाज में भय का माहौल पैदा हो सकता है। नोटिस के जवाब और मामले की जांच के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

डीएसपी बीर भान ने लोगों से सोशल मीडिया पर हथियारों का अनावश्यक प्रदर्शन नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हथियारों का सार्वजनिक या सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदर्शन कानूनन कार्रवाई का कारण बन सकता है। पुलिस की ओर से ऐसी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। सितंबर 2024 में आर नेत के मैनेजर की ओर से मोहाली पुलिस को शिकायत दी गई थी। इसमें सिंगर को विदेशी नंबरों से कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां मिलने और एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगाया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे