शरीरिक दुर्घटना में मारे सैनिकों के आश्रितों को दस लाख देगी सरकार
चंडीगढ़, 26 मार्च (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की है। अब शारीरिक क्षति (फिजिकल कैजुअल्टी) या दुर्घटना के कारण जान गंवाने वाले सैनिकों के परिवारों को राज्य सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की अनुदान राशि दी जाएगी। सैनिक एवं अर्ध-सैनिक कल्याण विभाग ने नए वित्त वर्ष से इन योजनाओं को लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है।
रक्षा बलों तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जिन जवानों की मृत्यु फिजिकल कैज्यूल्टी के रूप में अधिसूचित की जाएगी, उनके परिवारों को राज्य सरकार की तरफ से दस लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा पूर्व सैनिकों तथा पूर्व अर्धसैनिक बलों के कर्मचारियों के पुनर्वास एवं आजीविका हेतु हरियाणा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण निगम की स्थापना की जाएगी। जिसके माध्यम से पूर्व सैनिकों एवं पूर्व अर्धसैनिकों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के वीरता पुरस्कार विजेताओं को प्रदान की जाने वाली एकमुश्त नकद राशि को अब सरकार बढ़ाने जा रही है। इसके लिए संबंधित विभाग की तरफ से प्रस्ताव मांग लिया गया है। इसके अलावा नए वीरता पुरस्कारों को भी राज्य अनुदान के दायरे में शामिल किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भारतीय सेनाओं में अन्य राज्यों के मुकाबले हरियाणा के युवाओं की संख्या सर्वाधिक है। प्रदेश के रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, भिवानी, नारनौल आदि जिलों के सर्वाधिक युवा भारतीय सेनाओं में सेवा दे रहे हैं। केंद्र सरकार की तरफ से मिल रही सुविधाओं के अलावा अब हरियाणा सरकार की तरफ से भी सैनिकों के हित में कई योजनाओं को लागू किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा