यमुनानगर:अवैध देशी कट्टा व कारतूस सहित युवक गिरफ्तार
यमुनानगर, 30 जून (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल प्रभारी राजेश कुमार ने मंगलवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक गांव शादीपुर के पास हथियार के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी अंकुश के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी हथियार कहां से लाया था और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार