सोनीपत: गन्नौर-आहुलाना सड़क का दोबारा होगा निर्माण
सोनीपत, 01 जुलाई (हि.स.)। गन्नौर
से आहुलाना तक जाने वाले मार्ग के पुनर्निर्माण को मंजूरी मिल गई है। करीब 11 किलोमीटर
लंबी इस सड़क का निर्माण नाबार्ड योजना के तहत लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
यह सड़क वर्ष 2018 में बनाई गई थी, लेकिन अब इसकी स्थिति खराब होने के कारण इसे पूरी
तरह उखाड़कर नए सिरे से तैयार किया जाएगा।
मार्ग
के निर्माण से गन्नौर, खेड़ी गुज्जर, अटायल व आहुलाना सहित आसपास के कई गांवों के लोगों
को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। वर्तमान में सड़क जगह-जगह सड़क क्षतिग्रस्त
होने से वाहन चालकों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नई सड़क बनने
से सफर आसान होने के साथ वाहनों की आवजाही भी सुगम होगी।
परियोजना को स्वीकृति मिल
चुकी है और लोक निर्माण विभाग निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारियों में जुटा हुआ है।
जल्द ही आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर पुराने मार्ग को उखाड़कर नए सिरे से सड़क का निर्माण
शुरू होगा। ग्रामीणों ने कहा कि नई सड़क बनने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और
रोजाना आवागमन करने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना