मुख्यमंत्री ने नूंह की समस्याओं के समाधान पर उपायुक्त से ली रिपोर्ट

 


नूंह, 25 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में शुक्रवार को चंडीगढ़ में जन संवाद एवं सीएम विंडो की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों में जन संवाद एवं सीएम विंडो के माध्यम से प्राप्त शिकायतों तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समय-सीमा से बाहर चल रहे मामलों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन संवाद एवं सीएम विंडो का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और विकास कार्यों को गति देना है।

बैठक में उपायुक्त अखिल पिलानी ने मुख्यमंत्री को नूंह जिले में जन संवाद एवं सीएम विंडो के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण तथा विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के साथ-साथ विकास कार्यों के त्वरित क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उपायुक्त ने बताया कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों को लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण और विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। जन संवाद, समाधान पोर्टल एवं सीएम विंडो के माध्यम से प्राप्त मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य पात्र नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के साथ विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करना है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जन समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, एसीयूटी अमितेज पांगती, डीएमसी शशि वसुंधरा, नगराधीश अप्रितम सिंह, जिला राजस्व अधिकारी रणविजय सुल्तानिया, डीडीपीओ नरेंद्र सारवान, एफएलएन कोऑर्डिनेटर कुसुम मलिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया