जींद : डीसी के बाद उचाना एसडीएम भी ई रिक्शा से पहुंचे कार्यालय
जींद, 25 जून (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश देने के लिए जींद की डीसी डा. वैशाली शर्मा के बाद गुरुवार को उचाना के एसडीएम रमित यादव भी ई रिक्शा से अपने कार्यालय पहुंचे। पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह से करीब तीन किलोमीटर का सफर उन्होंने अपने स्टाफ के साथ ई रिक्शा में तय किया। एसडीएम को ई रिक्शा से कार्यालय पहुंचता देख वहां मौजूद कर्मचारी और आमजन भी आश्चर्यचकित रह गए। इस दौरान एसडीएम रमित यादव ने कर्मचारियों और आमजन से अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन एवं पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
एसडीएम रमित यादव ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह उनका अस्थायी आवास है और वहां से वे ई रिक्शा के माध्यम से कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण और पेट्रोल व डीजल की बचत को लेकर दिए गए संदेश से प्रेरणा लेकर यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि जींद की डीसी डा. वैशाली शर्मा भी अपने आवास से कार्यालय तक ई रिक्शा में जा चुकी हैं, जबकि उचाना के विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री भी लगातार बस में सफर कर लोगों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने का संदेश दे रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा