हिसार में रोडवेज बस बंद होने से 250 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, अभिभावकों ने उपायुक्त से लगाई गुहार
हिसार, 02 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय विद्यालय
कैंट हिसार में पढ़ने वाले करीब 250 विद्यार्थियों के सामने आने-जाने की बड़ी समस्या
खड़ी हो गई है। हिसार रोडवेज द्वारा वर्षों से संचालित बस सेवा बंद किए जाने के बाद
अभिभावकों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर बसें दोबारा शुरू करने की मांग की है।
अभिभावकों ने गुरुवार काे बताया कि हिसार डिपो की ओर से केंद्रीय
विद्यालय कैंट के लिए दो बसें चलाई जाती थीं, जो पिछले करीब 20 वर्षों से नियमित रूप
से सेवा दे रही थीं। इन बसों के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों आज़ाद नगर, कैमरी
रोड, बस स्टैंड, मॉडल टाउन, जिंदल चौक, सेक्टर 9-11, सूर्य नगर, विद्युत नगर व सातरोड
आदि से बच्चे स्कूल पहुंचते थे लेकिन हाल ही में इन बसों को बंद कर दिया गया, जिससे
बच्चों और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि स्कूल में पढ़ने वाले
कई बच्चों के परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं। कई अभिभावक नौकरी के सिलसिले में बाहर
रहते हैं, जिसके चलते बच्चों को स्कूल छोड़ने और लाने की जिम्मेदारी बुजुर्गों पर रहती
है। बस सेवा बंद होने के कारण अब बुजुर्गों के लिए बच्चों को स्कूल पहुंचाना मुश्किल
हो गया है। छोटे बच्चों की उम्र भी महज 6 वर्ष के आसपास होने से उनकी सुरक्षा को लेकर
अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि बस सेवा जल्द
बहाल नहीं की गई तो बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है और कई विद्यार्थियों का भविष्य
खतरे में पड़ सकता है। अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुविधा को
ध्यान में रखते हुए हिसार रोडवेज की बसों को जल्द से जल्द दोबारा शुरू कराया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर