जींद : एपीके फाइल डाउनलोड करते ही खाते से निकले पौने चार लाख
जींद, 19 सितंबर (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति द्वारा अंजान नंबर से मोबाइल पर भेजी गई एपीके फाइल को ओपन करने पर साढ़े चार लाख रुपये खाते से निकलने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव गुरथली निवासी लखविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया वह खेतीबाड़ी करता है। गत पांच सितंबर को उसके व्हाट्सअप को एपीके फाइल आई थी। जिसे उसने ओपन कर लिया। जिसके बाद वह 12 सितंबर को वह बैंक में राशि निकलवाने गया था। बैंक मैनेजर ने बताया कि उसके खाते में रुपये नही हैं। जब उसने खाते की स्टेटमेंट को जांचा तो सामने आया कि गत छह सितंबर से 11 सितंबर तक तीन लाख 74 हजार 874 हजार रुपये की राशि खाते से निकाली गई है। जबकि उसके पास कोई मैसेज राशि निकलवाने का नही आया।
साइबर थाना पुलिस ने लखविंद्र की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना के जांच अधिकारी कुलदीप ने बताया कि खाते से राशि गायब होने की शिकायत मिली थी। जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा