सोनीपत: शंघाई वुशु कप में भारत का दम दिखाएंगी प्रताप स्कूल की अपर्णा

 


सोनीपत, 23 जून (हि.स.)। चीन

के शंघाई शहर में 23 से 27 जून तक आयोजित होने वाले शंघाई वुशु कप में प्रताप स्कूल

की खिलाड़ी अपर्णा 52 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। अपर्णा

के चयन से विद्यालय और खेल जगत में खुशी का माहौल है। प्रताप विद्यालय प्रबंधन समिति,

द्रोणाचार्य अवार्डी ओम प्रकाश दहिया, खेल निदेशक, संस्थापक सतप्रकाश दहिया, प्रिंसिपल

दया दहिया, अकादमिक निदेशक डॉ. सुबोध दहिया तथा वुशु कोच विनोद गुलिया ने अपर्णा को

शुभकामनाएं देकर चीन के लिए मंगलवार को रवाना किया।

द्रोणाचार्य अवार्डी ओम प्रकाश दहिया ने बताया कि अपर्णा इससे पहले छह अंतरराष्ट्रीय

प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ा चुकी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह

शंघाई वुशु कप में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए पदक जीतेंगी।

अकादमिक

निदेशक डॉ. सुबोध दहिया ने बताया कि अपर्णा का चयन आगामी एशियन गेम्स के लिए भी हो

चुका है। अपर्णा जैसे खिलाड़ी युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा हैं। उनसे प्रेरणा लेकर

अन्य खिलाड़ी भी अपने खेल को बेहतर बना सकते हैं और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर

पर सफलता हासिल कर सकते हैं।

डॉ.

दहिया ने कहा कि प्रताप विद्यालय में शिक्षा और खेल को समान महत्व दिया जाता है। इसी

कारण विद्यालय के विद्यार्थी और खिलाड़ी लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। विद्यालय

का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के

लिए तैयार करना है। इधर अपर्णा ने जाने से पहले कहा कि उसने प्रतियोगिता के लिए कड़ी

मेहनत की है और उन्हें विश्वास है कि वह बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक जीतेंगी।

उन्होंने अपने माता-पिता, प्रशिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। विद्यालय

परिवार, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने अपर्णा को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते

हुए शानदार प्रदर्शन और पदक जीतने की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना