हिसार के अजय को अमेरिकी आईटी कंपनी से मिला 38 लाख रुपए वार्षिक पैकेज का प्रस्ताव
ग्रामीण परिवेश से निकलकर अजय फगेड़िया ने हासिल की बड़ी सफलता
हिसार, 30 जून (हि.स.)। जिले के गांव सीसवाला निवासी अजय फगेडिया ने सीमित
संसाधनों और ग्रामीण परिवेश से निकलकर बड़ी सफलता हासिल की है। उन्हें एक अमेरिकी आईटी
कंपनी से 38 लाख रुपए वार्षिक पैकेज का प्रस्ताव मिला है, जो लाखों विद्यार्थियों के
लिए प्रेरणा बन गया है। अजय ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरकारी स्कूल से प्राप्त की। उन्होंने कई वर्ष
तक अपने परिवार के साथ खेती में हाथ बंटाया और कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया।
उन्होंने वर्ष 2019 में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, दिल्ली से कंप्यूटर
साइंस एवं इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की।
इससे पहले, आईआईटी में प्रवेश न मिलने पर उन्होंने डिप्लोमा किया और 2016 में
बीटेक प्रवेश परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 12वीं रैंक हासिल की। अजय ने साल 2019 में
मात्र साढ़े 11 हजार मासिक वेतन पर एक सर्विस-बेस्ड आईटी कंपनी में अपना करियर शुरू
किया था। वर्तमान में, अजय बेंगलुरु में एक सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत
हैं और आईटी उद्योग में उन्हें लगभग साढ़े छह वर्षों का अनुभव है। लगातार नई तकनीकों
को सीखने, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर उनका वार्षिक पैकेज पहले 10 लाख, फिर
19.50 लाख, 23 लाख और अब 38 लाख रुपए तक पहुंच गया है। अपने करियर के दौरान उन्हें
नौकरी छूटने, बिना दूसरी नौकरी के इस्तीफा देने और कार्यस्थल पर कई चुनौतियों का भी
सामना करना पड़ा। हालांकि, उन्होंने हर कठिनाई को एक अवसर में बदल दिया।
अजय ने साेमवार काे बताया कि आईटी क्षेत्र में आने से पहले उन्होंने लगभग 7-8 वर्षों तक
खेतों में काम किया। खेती ने उन्हें मेहनत, अनुशासन और हर रुपए का महत्व सिखाया। आज
भी वह अपनी जड़ों से जुड़े रहने के लिए खेती और सामाजिक कार्यों में रुचि रखते हैं।
योग, जिम, बैडमिंटन, यात्रा, पौधाराेपण और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन उनकी विशेष
रुचियों में शामिल हैं। अजय ने युवाओं को दिए संदेश में कहा है कि सीमित संसाधन कभी
भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते। यदि ईमानदारी, अनुशासन, निरंतर सीखने की आदत और
कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ा जाए, तो कोई भी युवा अपने सपनों को साकार कर सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर