हिसार : एनसीसी ग्रुप मुख्यालय रोहतक के ग्रुप कमांडर ने कियाा प्रथम हरियाणा रिमाउंट एवं वेटरनरी स्क्वाड्रन एनसीसी, हिसार का वार्षिक निरीक्षण

 


हिसार, 30 अप्रैल (हि.स.)। एनसीसी ग्रुप मुख्यालय

रोहतक के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एचएस बर्न ने प्रथम हरियाणा रिमाउंट एवं वेटरनरी

स्क्वाड्रन एनसीसी, हिसार का वार्षिक प्रशासनिक निरीक्षण किया। उनके आगमन पर यूनिट के अधिकारी कमांडिंग कर्नल

विनीत बुटोला ने उनका स्वागत किया तथा यूनिट की प्रशासनिक कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण

गतिविधियों एवं विभिन्न नवाचारों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। ब्रीफिंग के दौरान स्क्वाड्रन

द्वारा अनुशासन, अश्व प्रशिक्षण (इक्वेस्ट्रियन) एवं कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के

लिए किए जा रहे प्रयासों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।

निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर बर्न ने गुरुवार काे यूनिट

की प्रशासनिक व्यवस्था, प्रशिक्षण अवसंरचना एवं समग्र तैयारियों का सूक्ष्म अवलोकन

किया। उन्होंने सेना के घोड़ों का निरीक्षण करते हुए उनकी देखभाल एवं रख-रखाव पर संतोष

व्यक्त किया तथा संबंधित कार्मिकों के समर्पण और मेहनत की सराहना की। उन्होंने यूनिट

में हुए अवसंरचनात्मक सुधारों एवं आधुनिक प्रशिक्षण उपकरणों की उपलब्धता की प्रशंसा

करते हुए कहा कि इससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

इस अवसर पर ब्रिगेडियर बर्न ने सेना के जवानों,

नागरिक कर्मचारियों तथा लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय

(लुवास) के एनसीसी कैडेट्स एवं एएनओ डॉ. अर्चना लोहिया तथा एएनओ डॉ. नरेंद्र सिंह से

संवाद किया। उन्होंने कैडेट्स को उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित करते

हुए एनसीसी की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने लुवास

प्रशासन द्वारा अस्तबल एवं प्रशिक्षण मैदानों के रख-रखाव में दिए जा रहे निरंतर सहयोग

की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि प्रथम हरियाणा रिमाउंट एवं वेटरनरी

स्क्वाड्रन एनसीसी, हिसार को हरियाणा की एकमात्र रिमाउंट एवं वेटरनरी एनसीसी यूनिट

होने का विशिष्ट गौरव प्राप्त है। इस यूनिट ने अनेक कैडेट्स को प्रशिक्षित किया है,

जिन्होंने सशस्त्र बलों, विशेषकर रिमाउंट एवं वेटरनरी कॉर्प्स में अधिकारी के रूप में

अपनी सेवाएं दी हैं। इसके अतिरिक्त, यूनिट के कैडेट्स ने राष्ट्रीय स्तर की अश्व प्रतियोगिताओं

में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अर्जित कर संस्थान को गौरवान्वित किया है। ब्रिगेडियर

बर्न ने यूनिट की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह यूनिट भविष्य

में भी अनुशासित, दक्ष एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित युवाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण

भूमिका निभाती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर