जींद : भाजपा महिला विंग ने विपक्षी नेताओं के फूंके पुतले
जींद, 30 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा महिला विंग ने गुरूवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल का विरोध करने वालों के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी के पुतले फूंके। पुतला दहन से पहले भाजपा की महिला शक्ति विंग द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल का विरोध करने वालों के खिलाफ नारेबाजी की और जनाक्रोश सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में मुख्यअतिथि हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा रहे। जबकि आयोजक रीटा धीमान व संतोष शर्मा रहीं।
डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल को संसद में गिरा कर कांग्रेस, टीएमसी, समाजवादी, डीएमके पार्टी ने अपनी ओच्छी मानसिकता का परिचय दिया है। महिला शक्ति चुनाव के वक्त एक बटन रूपी वोट को दबा कर इस अपमान का बदला लेने का काम करेगी। भाजपा की जिला महामंत्री व भाजपा नेत्री डा. पुष्पा तायल ने कहा कि महिला शक्ति इस अपमान को कभी नहीं भूलेगी। देश के प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को समान अधिकार देते हुए लोकसभा व विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया था। मगर विपक्ष ने इसको संसद में गिराने का काम किया। इस अपमान को महिला शक्ति कभी नहीं भूलेगी। सम्मेलन में नगर परिषद की चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी, नीरू जिंदल, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कविता शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा