पानीपत: सड़क पर मिली रुपयों की गड्डी दुकानदार ने सेल्समैन को लौटाई
पानीपत, 09 जुलाई (हि.स.)। पानीपत में एक सेल्समैन की पैंट की जेब से पचास हजार रुपए की एक गड्डी निकल कर सड़क पर गिर गई। जिसको एक डिलीवरी बॉय ने उठाकर पास के एक दुकानदार को सौंप दिया। दुकानदार ने इसके लिए बाजार की सीसीटीवी फुटेज चेक की। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर युवक की तलाश की। वीडियो देखकर कुछ ही घंटे बाद सेल्समैन युवक दुकानदार के पास पहुंच गया। दुकानदार ने नोटों की पूछताछ कर पैसे सेल्समैन को लौटा दिए। सेल्समैन का कहना है कि पैसे शोरूम मालिक के थे।
दुकानदार के अनुसार एक डिलीवरी बॉय ने ही नोटों का बंडल सड़क से उठाकर उनको सौंपा था। जिसका विडियो भी अब वायरल हो रहा है, जिसमें बाइक पर जा रहे सेल्समैन की जेब से नोटों की गड्डी फिसल कर गिर जाती है। इसके बाद डिलीवरी बॉय ने वह नोटों की गड्डी उठाकर बिना देर किए पास के दुकानदार को सौंप दी। इसके बाद डिलीवरी बॉय खुद आगे बढ़ गया।
गारमेंट शॉप चलाने वाले तरुण ने डिलीवरी बॉय से नोटों की गड्डी लेकर दुकान में रख ली। तरुण का कहना है कि 500-500 के नोटों की गड्डी थी। नोट गिने तो ये पूरे 50 हजार निकले। इसके बाद उन्होंने आसपास के दुकानदारों की मदद से गड्डी गिरने वाले युवक की तलाश शुरू की। तरुण का कहना है कि असली मालिक की तलाश करने के लिए एक वीडियो बनाई और उसे सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार शाम तहसील कैंप से नितिन सैनी दुकान पर पहुंचा।
तरुण के अनुसार, नितिन बाजार में भी पैसों की तलाश कर रहा था। आसपास के दुकानदारों से भी पैसों के बारे में पूछताछ कर रहा था। इसी दौरान उसने हमें भी अपने पैसे खो जाने की बात कही। इसके बाद नितिन से नोटों की संख्या की डिटेल ली गई। पूरी पुष्टि होने के बाद नितिन को ये पैसे वापस कर दिए गए। नितिन सैनी का कहना है कि वह फर्नीचर हाउस में पिछले करीब 10 साल से काम कर रहा है। दुकान मालिक उस पर पूरा भरोसा करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा