हरियाणा भाजपा के सेवा संपर्क अभियान में शामिल होंगे गृहमंत्री अमित शाह

 

-प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी का पहला हरियाणा दौरा

चंडीगढ़, 04 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सात अक्टूबर को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होंगे। उनके दौरे के मद्देनजर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सिंगापुर दौरे में भी बदलाव किया गया है। अब मुख्यमंत्री छह अक्टूबर की रात तक हरियाणा लौट आएंगे और अगले दिन शाह के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी जींद और प्रदेश सह प्रभारी भोला सिंह करनाल में सेवा ज्योति कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।एक ही दिन प्रदेश के तीन प्रमुख क्षेत्रों में भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की मौजूदगी को संगठन की सक्रियता के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी की ओर से सेवा ज्योति यात्रा और कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ने पर जोर रहेगा। इन कार्यक्रमों में केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व की भागीदारी से भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह बढ़ाने की तैयारी है।

कुरुक्षेत्र में होने वाली सेवा ज्योति यात्रा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी सबसे प्रमुख आकर्षण होगी। शाह की यात्रा को लेकर पार्टी संगठन तैयारियों में जुटा है। कुरुक्षेत्र में उनका कार्यक्रम ऐसे समय हो रहा है, जब नायब सरकार की पूरी टीम और विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर लौटी है। शाह, मोदी के मिशन-2029 को नई मजबूती और प्रदेश में भाजपा संगठन की गतिविधियों को नई धार देंगे। इसके साथ ही, सेवा गतिविधियों को गति देने बारे भी शाह कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।

प्रदेश भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी जींद में सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होंगी। बतौर प्रदेश प्रभारी उनका यह पहला दौरा होगा, ऐसे में संगठन के लिहाज यह खास अहम माना जा रहा है। जींद में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मौजूदगी से संगठनात्मक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी भोला सिंह करनाल में आयोजित सेवा ज्योति कार्यक्रम में पहुंचेंगे। इस तरह 7 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र, जींद और करनाल में एक साथ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता दिखाई देगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चार दिवसीय सिंगापुर दौर पर पहुंच गए हैं। सीएम का 4 अक्टूबर से लेकर 8 अक्टूबर तक सिंगापुर दौरा प्रस्तावित है। मगर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हरियाणा दौरे के चलते सीएम के सिंगापुर दौरे में बदलाव किया गया है। अब सीएम 4 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर दौरे पर रहेंगे। 6 अक्टूबर रात्रि तक सीएम हरियाणा वापस लौट आएंगे और 7 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ सेवा ज्योति यात्रा में मौजूद रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा