अरविंद शर्मा ने अमित शाह से की मुलाकात, हरियाणा में सहकारिता क्षेत्र पर चर्चा
चंडीगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राष्ट्रीय सहकारिता नीति-2025 के प्रभावी क्रियान्वयन, हरियाणा में सहकारिता आंदोलन को नई गति देने, सहकारी संस्थाओं के आधुनिकीकरण तथा किसानों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक एवं सार्थक विचार-विमर्श हुआ। डॉ. अरविंद शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
बैठक में हरियाणा की तीन सहकारी चीनी मिलों को हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त प्रतिष्ठित पुरस्कारों का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इस उपलब्धि पर हरियाणा के सहकारिता विभाग की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के सहकारिता क्षेत्र की उल्लेखनीय सफलता बताया। उन्होंने सहकारी संस्थाओं की कार्यक्षमता, प्रबंधन और प्रदर्शन को और बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर सहकारी चीनी मिलों की कार्यप्रणाली को अधिक आधुनिक एवं लाभकारी बनाने, नवीन तकनीक अपनाने, गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं देने तथा चीनी मिलों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
उन्होंने प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) के कंप्यूटरीकरण, सहकारी बैंकों की सेवाओं के आधुनिकीकरण, डेयरी क्षेत्र के विस्तार तथा सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों को ऋण, कृषि सेवाओं और अन्य सुविधाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर प्रकाश डाला। साथ ही सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी साझा की। डॉ. अरविंद शर्मा ने केंद्रीय मंत्री के साथ हुई मुलाकात को आत्मीय, प्रेरणादायी एवं अत्यंत सार्थक बताते हुए कहा कि अमित शाह के मार्गदर्शन से हरियाणा में सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा