यमुनानगर:आंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम, मेयर ने समानता का दिया संदेश

 




यमुनानगर, 14 अप्रैल (हि.स.)भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर यमुनानगर के खेड़ा, गोविंदपुरी और मानकपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में नगर निगम मेयर सुमन बहमनी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रमों के दौरान मेयर ने श्री गुरु रविदास मंदिर पहुंचकर श्रद्धा व्यक्त की और समाज में समरसता के संदेश को दोहराया। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास और डॉ. आंबेडकर ने समानता, न्याय और भाईचारे पर आधारित समाज की परिकल्पना की, जो आज भी मार्गदर्शक है।

मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश को मजबूत आधार प्रदान किया और वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि एक समतामूलक समाज के निर्माण के लिए उनके विचारों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है।

बाबा साहेब ने स्वयं शिक्षा के बल पर नई दिशा स्थापित की, इसलिए युवाओं को भी अपने भविष्य और देश के विकास के लिए शिक्षा को अपनाना चाहिए। मेयर ने कहा कि आंबेडकर जयंती केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके सिद्धांतों को जीवन में उतारने का अवसर है। जब तक समाज से भेदभाव समाप्त नहीं होगा, तब तक उनके सपनों का भारत साकार नहीं हो सकेगा। कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बाबा साहेब के जीवन और विचारों को प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर आयोजकों ने मेयर का सम्मान किया, जिस पर उन्होंने आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार