यमुनानगर:डॉ आंबेडकर जयंती पर सामाजिक समानता का संकल्प
यमुनानगर, 13 अप्रैल (हि.स.)डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर यमुनानगर के गोविंदपुरी क्षेत्र में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन संघ हरियाणा, नगर निगम इकाई द्वारा एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों और सदस्यों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. आंबेडकर के जीवन संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की। यूनियन के महासचिव विजय मंडेबर ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया और समानता आधारित समाज की नींव रखी। उन्होंने कहा कि आंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और शिक्षा के प्रबल समर्थक थे।
उन्होंने “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के संदेश को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए कहा कि यूनियन इसी विचारधारा को अपनाकर समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही बाबा साहेब के विचारों का वास्तविक सम्मान है। इस अवसर पर यूनियन के प्रधान मनोज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार