अंबाला में 1857 के शहीदों की स्मृति में भव्य स्मारक आम जनता के लिए खुला, 15 दिसंबर तक एंट्री फ्री
-शहीद स्मारक में ऑनलाइन बुकिंग शुरु
चंडीगढ़, 15 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि 1857 में आजादी की पहली लड़ाई के दौरान अंग्रेजों द्वारा जिन क्रांतिकारियों को पेड़ों से टांग-टांग कर गोलियां मारी गईं, जिन पर कोल्हू चलवाए गए और गांव के गांव जला दिए गए, ऐसे सभी ज्ञान-अज्ञात शहीदों की आत्मा की शांति के लिए आज हमने शहीद स्मारक में हवन यज्ञ किया है और आज से ही शहीद स्मारक लोगों के लिए खुल गया है। लोग स्मारक में आकर शहीदों की कुर्बानियों की गाथायों को देख सकते हैं।
विज रविवार को अंबाला छावनी में 1857 आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक में हवन यज्ञ के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 1857 की आजादी की लड़ाई कांग्रेस के जन्म से 28 साल पहले सारे देश में लड़ी गई थी, उसके इतिहास को भूला दिया गया था। उन शहीदों की याद में हमने अंबाला छावनी में एक भव्य शहीद स्मारक बनाया है और देश के गृह मंत्री अमित शाह ने 5 नवंबर को इसका लोकार्पण कर दिया है। यह लड़ाई अंबाला छावनी से शुरू हुई थी और पूरे देश में ऐसा एक भी स्मारक नहीं है, जिसमें आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित सभी शहीदों को दिखाया गया हो।
उन्होंने बताया कि शहीद स्मारक में 23 गैलरी हैं और इसे देखने में लगभग 6 घंटे लगते हैं। यहां रात को लाइट एंड साउंड शो भी दिखाया जाएगा। इसमें एक गैलरी ऐसी बनाई गई है, जिसमें हर दर्शक जरूर जाए। वह गैलरी जहां सभी शहीदों को जाकर अपनी श्रद्धांजलि देंगे।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि इस शहीदी स्मारक को बनाने में लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत आई है और इसकी बुकिंग खुल गई है। अभी ट्रायल रन किया जा रहा है, इसलिए एक दिन में केवल 500 लोगों को शहीद स्मारक में जाने की अनुमति दी गई है। आज से यानी 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक जो बुकिंग कराएगा, उसकी एंट्री फ्री है। बुकिंग ऑनलाइन भी हो रही है। इस महीने की कुछ सीटें खाली हो गई हैं। अगर लोग जाएंगे तो उनमें बुकिंग कर सकेंगे और जल्दी ही शुल्क बुकिंग भी शुरू कर देंगे।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हम चाहते हैं कि नया इतिहास, जो भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने लिखने का काम किया है, वह आने वाली पीढ़ी को जरूर दिखाया जाए क्योंकि पहले इनके बारे में गलत ही पढ़ाते थे।
इसके उपरान्त विज ने संग्रहालय में जाकर टिकटिंग व्यवस्था को भी परखा और यहां पर आजादी की पहली लड़ाई (इवेन्ट स्पोर्ट्स अम्बाला छावनी) यानी अम्बाला से जो आजादी की क्रांति शुरू हुई थी, उस पर आधारित फिल्म को देखा। शहीद स्मारक के निदेशक डॉ कुलदीप सैनी ने बताया कि आज स्मारक के खुलने के बाद पहले स्लॉट में पहुंचे दर्शकों को फूल भेंटकर अभिनंदन किया गया। आगे भी स्लॉट के अनुसार दर्शकों को शहीद स्मारक को दिखाने का काम किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा