अंबाला में एक आईएमटी के लिए सरकार को मिली जमीन
चंडीगढ़, 05 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार ने प्रदेश में आईएमटी की स्थापना का काम शुरू कर दिया है। अंबाला में नए आईएमटी की स्थापना के सरकार को जमीन भी मिल गई है। गुरुवार को विधानसभा में अंबाला के विधायक निर्मल सिंह द्वारा उठाए गए सवाल के जवाब में उन्होंने यह जानकारी दी।
निर्मल सिंह ने आईएमटी की स्थापना तथा किसानों को मिल रहे जमीन के रेट बढ़ाने के संबंध में सरकार से जवाब मांगा। राव नरबीर ने बताया कि अंबाला जिले में अंबाला के अलावा नारायणगढ़ में भी आईएमटी बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अंबाला में आईएमटी के लिए ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से किसानों ने स्वेच्छा से एक करोड़ 55 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से अपनी जमीन दी है।
इसमें से कुछ जमीनों की रजिस्ट्री सरकार के नाम हो चुकी है कुछ जमीनों की रजिस्ट्री गुरुवार व शुक्रवार को होगी। संभवत: अगले सप्ताह अंबाला में आईएमटी के लिए जमीन पूरी हो जाएगी। इसके बाद सरकार अपने प्लान को लागू करके आईएमटी में मूलभूत सुविधाएं प्रदान करेगी और उद्योगों की स्थापना का काम शुरू किया जाएगा।
राव नरबीर ने बताया कि अंबाला के नारायणगढ़ में भी आईएमटी की स्थापना के लिए ई-भूमि पोर्टल पर जमीन मांगी गई है। यहां जमीन लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बहुत जल्द इस पर भी प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाया जाएगा। उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार गारंटी के मुद्दे पर उद्योग मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार इस मामले में आरक्षण नीति लागू कर चुकी है लेकिन हाईकोर्ट की तरफ से उसे स्टे कर दिया गया। राव नरबीर ने बताया कि हाईकोर्ट स्टे हटने के बाद इस बारे में अगली कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा