सोनीपत: तीरंदाजी चैंपियनशिप में पदक विजेता अमन का हुआ भव्य स्वागत
सोनीपत, 25 सितंबर (हि.स.)। जींद
के किनाना में आयोजित हरियाणा राज्य स्कूल तीरंदाजी चैंपियनशिप में प्रताप सिंह मेमोरियल
वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खरखौदा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता
में विद्यालय के खिलाड़ी अमन ने कंपाउंड टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं
हितेश और आयुष ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता
से लौटने पर विद्यालय परिसर में शुक्रवार को खिलाड़ियों का प्रबंधन, प्राचार्या दया
दहिया, अकादमिक निदेशक डॉ. सुबोध दहिया और प्रशिक्षक रिंकू ने स्वागत किया। विद्यालय
परिवार ने पदक विजेता अमन के साथ हितेश और आयुष को भी बधाई दी। प्राचार्या
दहिया ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ खेल, अनुशासन, कौशल विकास
और व्यक्तित्व निर्माण पर भी ध्यान दिया जाता है। खेलों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास,
नेतृत्व क्षमता, मेहनत और टीम भावना विकसित होती है। खिलाड़ियों की उपलब्धियां दूसरे
विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
अकादमिक
निदेशक डॉ. सुबोध दहिया ने बताया कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं
उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। छात्रावास की सुविधा, पौष्टिक भोजन
और अनुशासित खेल वातावरण भी खिलाड़ियों की तैयारी में मददगार हैं। उन्होंने
कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में उनकी मेहनत, प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन, अभिभावकों
का सहयोग और विद्यालय की सुविधाओं का योगदान है। अमन, हितेश और आयुष ने अपनी उपलब्धि
का श्रेय विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्या, अकादमिक निदेशक, प्रशिक्षक रिंकू और विद्यालय
में उपलब्ध खेल सुविधाओं को दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना