हिसार के आरटीए पर पक्षपात व निजी ऑपरेटरों को लाभ पहुंचाने का आरोप
रोडवेज सांझा संघर्ष समिति ने की नई समय सारिणी
रद्द करने की मांग
समय सारिणी रद्द न होने पर दी समिति ने दी आंदोलन
की चेतावनी
हिसार, 19 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा रोडवेज सांझा
संघर्ष समिति ने हिसार आरटीए कार्यालय की ओर से जारी की गई समय सारिणी को रद्द करने
की मांग की है। समिति ने चेताया है कि यदि समय सारिणी रद्द नहीं की गई तो रोडवेज सांझा
संघर्ष समिति आंदोलन से गुरेज नहीं करेगी।
इस संबंध में हरियाणा रोडवेज, हिसार डिपो की
सांझा संघर्ष समिति की ओर से रोडवेज कार्यशाला में रविवार काे बैठक का आयोजन किया गया। बैठक
में हिसार के आरटीए द्वारा हिसार-दिल्ली मार्ग पर निजी बस ऑपरेटरों को लाभ पहुंचाने
के उद्देश्य से सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, रोहतक, झज्जर एवं गुरुग्राम डिपो के महाप्रबंधकों
को बिना जानकारी दिए जारी की गई नई समय सारणी पर गहरा रोष व्यक्त किया गया।
सांझा संघर्ष समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों
ने एकमत होकर कहा कि यह समय सारणी पूरी तरह से पक्षपातपूर्ण है, जिससे सरकारी बसों
के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और विभाग को राजस्व की हानि होगी। उन्होंने आरोप
लगाया कि यह निर्णय निजी बस ऑपरेटरों को अनुचित लाभ देने के लिए लिया गया है। बैठक
में सभी रोडवेज नेताओं व कर्मचारियों ने आरटीएम कार्यालय के इस गैर जिम्मेदाराना रवैए
पर गहरा रोष प्रकट करते हुए निर्णय लिया लिया कि आरटीए कार्यालय द्वारा जारी इस पक्षपातपूर्ण
समय सारणी को तुरंत रद्द करते हुए राज्य परिवहन के हितों को मध्यनजर रखते हुए नई समय
सारणी जारी की जाए। यही नहीं, नई समय सारिणी जारी करते समय सभी डिपुओ जिनमें हिसार,
फतेहाबाद, सिरसा, रोहतक, झज्जर व गुरुग्राम के महाप्रबंधकों को भी शामिल किया जाए
सांझा संघर्ष समिति ने ऐलान किया इस दमनकारी
नीति के खिलाफ संघर्ष पुरजोर जारी रहेगा। यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की
गई तो सांझा संघर्ष समिति द्वारा आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी
प्रशासन की होगी। समिति ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि इस समय सारणी को तुरंत
निरस्त किया जाए तथा भविष्य में इस प्रकार के निर्णय लेने से पहले संबंधित डिपो के
महाप्रबंधकों एवं कर्मचारियों से विचार-विमर्श किया जाए। सांझा संघर्ष समिति की बैठक में मुख्य रूप से
रोडवेज की सभी यूनियनों के प्रधान अजय दुहन, प्रधान कर्मबीर मसूदपुर, प्रधान जितेंद्र
शर्मा, नरेंद्र खरड़, प्रधान बजरंग लाखा, प्रधान राजकुमार चौहान, प्रधान अमित जुगलान,
प्रधान संदीप जैनावास सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर