जींद : विदेश भेजने के नाम पर हड़पे 25 लाख, धोखाधड़ी का मामला दर्ज

 


जींद, 02 अगस्त (हि.स.)। सदर थाना सफीदों पुलिस ने गांव निम्राबाद की युवती को विदेश भेजने को झांसा देकर 25 लाख रुपये हड़पने पर एक युवक के खिलाफ रविवार काे धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव निम्राबाद निवासी लवप्रीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया गांव लिपस जिला रामपुर (यूपी) निवासी प्रभजोत सफीदों निजी स्कूल में उसकी बेटी शोभनीत कौर के साथ पढ़ता था। उसी दौरान से उसनकी प्रभजोत के साथ जान पहचान है। वर्ष 2025 में प्रभजोत ने इंस्टा पर उसकी बेटी से बात की और कहा कि वह विदेश भेजने काम करता है। जिस पर उसकी बेटी शोभनीत कौर विदेश जाने को तैयार हो गई। विदेश भेजने के नाम पर आरोपित ने 25 लाख रुपये की डिमांड की। जिसके बाद उन्होंने शोभनीत कौर का पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज प्रभजोत को दे दिए। सात अप्रैल 2025 से 19 अप्रैल 2025 तक उन्होंने आरोपित प्रभजोत के खाते में 25 लाख रुपये भेज दिए। 16 अप्रैल 2025 को आरोपित ने फोन कर उन्हें दिल्ली बुलाया और कहा कि आज रात को आपकी फ्लाइट है। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने प्रभजोत को काल की तो उसने फोन रिसीव नही किया। जिसके बाद रातभर वे गुरूद्वारा में ठहरे रहे। आरोपित के फोन उठाने पर उसके गांव में पंचायत भी की गई। आरोपित के पिता ने उन्हें रुपये लौटाने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतन की धमकी दी। आरोपित ने उसकी बेटी के दस्तावेज भी वापस नही लौटाए। रविवार को जानकारी देते हुए सदर थाना सफीदों प्रभारी राजेश ने बताया कि पुलिस ने लवप्रीत कौर की शिकायत पर आरोपित प्रभजोत के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा