जींद : झांसा देकर 53 लाख 88 हजार रुपये ठगे
जींद, 08 सितंबर (हि.स.)। सदर थाना पुलिस ने पंचकूला में प्लाट बेचने का झांसा देकर 53 लाख 88 हजार रुपये हड़पने पर तीन लोगों के खिलाफ मंगलवार काे धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव शाहपुर निवासी विनित तथा कैथल निवासी चरण सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे पंचकूला में प्लाट खरीदने के इच्छुक थे। गांव शाहपुर में उनकी मुलाकात पंचकूला निवासी यश्वीर, गांव अटेला निवासी राधा कृष्ण व गांव हरसौला निवासी सुनील ढुल से हुई। तीनों ने बताया कि वे पंचकूला में प्रोपर्टी का कार्य करते हैं। आरोपितों ने पंचकूला में यश्वीर के नाम प्लाट होने तथा बेचने की इच्छा जताई। एक करोड़ 87 लाख 55 हजार रुपये में प्लाट का सौदा हो गया। आरोपितों को 53 लाख 88 हजार रुपये देकर एग्रीमेंट चरण सिंह के नाम करवा दिया गया। आरोपितों ने 14 जुलाई 2023 तक प्लाट हस्तांतरण का आश्वासन दिया था। बार-बार कहने के बाद भी प्लाट को हस्तांतरित नहीं करवाया गया। एग्रीमेंट के समय यह भी लिखा गया था कि प्लाट हस्तांरित न होने या मुकरने पर ब्याना राशि का दोगुणा देना होगा। आरोपित सुनील ढुल ने उन्हें चैक भी दिए जो बाउंस हो गए। जब उन्होंने आरोपितों पर राशि के लिए दबाव बनाया तो उन्होंने राशि लौटाने से भी मना कर दिया। मंगलवार को जानकारी देते हुए सदर थाना के जांच अधिकारी राजेंद्र ने बताया कि पुलिस ने विनित की शिकायत पर यश्वीर, राधा कृष्ण, सुनील ढुल के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा