जींद : निजी कोचिंग अकादमी में लगी आग, बड़ा हादसा टला
जींद, 20 जून (हि.स.)। स्कीम नंबर छह स्थित सीए इंस्टीट्यूट ऑफ प्राइवेट लिमिटेड कोचिंग अकादमी के एमसीबी बॉक्स में शनिवार को स्पार्किंग तथा आग लगने से हड़कंच मच गया। आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। घटना के समय दस बच्चे कमरे में पढ़ाई कर रहे थे।
तांगा चौक निवासी रजत स्कीम नंबर छह स्थित सीए इंस्टीट्यूट ऑफ प्राइवेट लिमिटेड कोचिंग अकादमी चला रहे हैं। दोपहर को अचानक से एमसीबी बॉक्स में आग लग गई। आग का पता लगते ही सभी बच्चे नीचे आ गए। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग से किसी भी तरह का कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। सेंटर संचालक रजत ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। बच्चों को बाहर निकाल दिया गया। जो भी फायर सेफ्टी के उपकरण थे, उस से आग को बुझा दिया गया। सभी बच्चे सुरक्षित हैं और किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
फायर ब्रिगेड कर्मी अनूप सिंह ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। सब बच्चे सुरक्षित हैं। किसी प्रकार की कोई जानमाल की हानि नहीं हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा