जींद : बारिश से पांच डिग्री लुढ़का तापमान, ठंडक का अहसास, उमस से मिली राहत

 


जींद, 28 सितंबर (हि.स.)। जिले में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते सोमवार को दिनभर रूक-रूक कर बारिश होती रही। बारिश से तापमान में पांच डिग्री तक की गिरावट आई। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून सीजन में इस बार काफी कम बारिश हुई है। बावजूद इसके किसान किसी तरह अपनी फसलों को बचाने में कामयाब हो गए। अब धान, बाजरा मुख्य फसल पकाव की तरफ है। धान तथा बाजरे की आवक भी मंडियों में शुरू हो चुकी है। कपास भी खिल रही है। ऐसे हालात में बारिश होती है तो तैयार हो रही फसलों को नुकसान पहुंचेगा।

किसान फसलों में स्प्रे को रोक दें। फसल कटाई से संबंधित कार्य मौसम ठीक न होने तक न करें। सोमवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम में आद्रता 67 प्रतिशत तथा हवा की गति दस किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। आकाश में छाए बादलों से बारिश की संभावना बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी आकाश में बादलवाई बनी रहेगी। कहीं-कहीं बूदांबादी होने की संंभावना है। सोमवार को सबसे ज्यादा बारिश अलेवा में 18 एमएम बारिश दर्ज की गई। जींद में 14.1 एमएम, नरवाना में 14 एमएम, सफीदों में 12 एमएम, जुलाना में दस एमएम, पिल्लूखेड़ा में चार एमएम बारिश दर्ज की गई। जबकि उचाना में बूंदाबांदी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी आकाश में बादल छाए रहेंगें। कहीं-कहीं पर हलकी बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। तापमान में भी थोड़ा उतार-चढाव देखने को मिलेगा। मौसम में नमी भी 70 से 80 प्रतिशत तक बनी रहेगी। हवा की गति भी दस से 15 किलोमीटर घंटे तक बनी रहने की संभावना है। मौसम में कुछ ठंड भी दिखाई देगी। मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम ने करवट ली है। अगले 24 घंटों के दौरान आकाश में बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। किसान कृषि से संबंधित कार्य मौसम को ध्यान मे रख कर करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा