एसवीएसयू पलवल और भाऊराव देवरस सेवा न्यास के बीच हुआ समझौता
पलवल, 09 जुलाई (हि.स.)। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय ने भाऊराव देवरस सेवा न्यास के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस रणनीतिक साझेदारी का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं के लिए राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क के अनुरूप वैश्विक स्तर के कौशल विकास कार्यक्रमों का संचालन करना है। भाऊराव देवरस सेवा न्यास नॉलेज पार्टनर की भूमिका निभाएगा, जबकि विश्वविद्यालय कार्यान्वयन संस्थान के रूप में इस पूरे कार्यक्रम को धरातल पर उतारेगा।
गुरुवार को एसवीएसयू के कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार की उपस्थिति में कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने न्यास के महासचिव राहुल सिंह के साथ समझौता पत्र का आदान-प्रदान किया। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने इसे उपलब्धि बताते हुए इरा की निदेशक चंचल भारद्वाज को बधाई दी। उन्होंने कहा कौशल विकास के निमित्त काम करने वाले संस्थानों को एक मंच पर आना चाहिए। प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय देश भर में इको सिस्टम को मज़बूत करने के लिए कृतसंकल्प है। इस समझौते के तहत भारतीय युवाओं को विशेष रूप से जापान में रोजगार के बेहतरीन अवसरों के लिए तैयार किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान युवाओं को जापानी भाषा, सामान्य देखभाल प्रशिक्षण, नर्सिंग केयर स्किल्स परीक्षा की तैयारी और जापान की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने बताया कि उद्योग जगत और अंतरराष्ट्रीय संपर्क की दृष्टि से यह महत्वपूर्ण साझेदारी होगी। भाऊराव देवरस सेवा न्यास के महासचिव राहुल सिंह ने कहा कि श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के साथ युवाओं को अंतर्राष्ट्रीय अवसरों के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके उत्कृष्ट परिणाम सामने आएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग