हिसार : मीटर रीडिंग में देरी पर डीएचबीवीएन सख्त, एजेंसी पर कार्रवाई की चेतावनी
अगले दो दिनों में लंबित रीडिंग पूरी करने के निर्देश, बिलिंग और राजस्व वसूली
में देरी बर्दाश्त नहीं : विक्रम सिंह
हिसार, 19 अक्टूबर (हि.स.)। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन)
ने उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसी
को लंबित कार्य अगले दो दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। निगम के प्रबंध निदेशक
विक्रम सिंह ने स्पष्ट किया है कि मीटर रीडिंग और बिलिंग कार्य में लापरवाही बर्दाश्त
नहीं की जाएगी। निर्धारित समय में काम पूरा नहीं होने या किसी प्रकार की कमी पाए जाने
पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रबंध निदेशक ने एसई एम एंड पी को निर्देश दिए हैं कि सभी शेष उपभोक्ताओं
की मीटर रीडिंग निर्धारित समय में पूरी करवाई जाए। निगम के एम एंड पी विभाग के अनुसार,
संबंधित एजेंसी मेसर्स प्रज्ञावेयर को एलटी और एचटी श्रेणी के शेष उपभोक्ताओं की मीटर
रीडिंग अगले दो दिनों में पूरी करने को कहा गया है। एजेंसी ने इस अवधि में लंबित कार्य
पूरा करने का आश्वासन दिया है।
मीटर रीडिंग में देरी को लेकर एजेंसी ने सॉफ्टवेयर इंटीग्रेशन, नई कार्यप्रणाली
को समझने और मानव संसाधन के समायोजन में आ रही कठिनाइयों का हवाला दिया है। इन समस्याओं
के समाधान के लिए एम एंड पी विभाग लगातार एजेंसी के संपर्क में है। सॉफ्टवेयर संबंधी
समस्याओं का पूर्ण समाधान होने तक मीटर रीडिंग दर्ज करने के लिए सीएमआरआई की व्यवस्था
भी की गई है।
निगम ने प्राप्त रीडिंग डेटा के आधार पर अधिकतम बिल समय पर जारी करने के लिए
एम एंड पी विभाग को सीबीओ के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश
दिए हैं। इसका उद्देश्य चालू माह की बिलिंग को प्रभावित होने से बचाना, राजस्व के नुकसान
को न्यूनतम करना और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करना है।
विभाग ने एजेंसी को पूर्व में कार्यरत कर्मचारियों की सेवाएं लेकर लंबित काम
पूरा करने तथा जरूरत पड़ने पर चरणबद्ध तरीके से कर्मचारियों का समायोजन करने का सुझाव
भी दिया है। प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से
कार्य की निगरानी करने, लंबित मीटर रीडिंग समयबद्ध तरीके से पूरी करवाने और एजेंसी
की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिलिंग और राजस्व
वसूली में देरी को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर