जींद : अक्षय तृतीया बाल विवाह रोकने को तैनात रही विशेष टीमें

 


जींद, 19 अप्रैल (हि.स.)। अक्षय तृतीया के अवसर पर रविवार को जिलाभर में कहीं भी बाल विवाह न हों, इसे लेकर जिला महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी कार्यालय टीम ने जींद, नरवाना, सफीदों, उचाना सहित अन्य जगहों पर दस्तक देती रही। सहायक बाल विवाह निषेध अधिकारी रवि लोहान ने बताया कि बाल विवाह रोकने के लिए विशेष टीमें गठित की गई थी जो हर सूचना पर कार्रवाई कर रही थी। बाल विवाह रोकने के लिए जिले के सामुदायिक केंद्र, वेंकेट हॉल, मैरिज पेलेस, प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को पहले ही आगाह कर दिया गया था।

विवाह में लड़का-लड़की के जन्म से संबंधित कागजात भी अपने पास रखने के लिए कहा गया था। अक्षय तृतीय (अखा तीज) पर्व पर बाल विवाह की रोकथाम के लिए मंदिर के पुजारी, गांव के पंच, सरपंच, आंगनबाड़ी वर्कर्स और नंबरदार तथा शहर के नगर पार्षदों की मदद ली गई। पूरा प्रयास रहा कि जिला में कहीं भी बाल विवाह न होने पाए। पूरा दिन जांच पड़ताल के बाद कहीं भी बाल विवाह की सूचना नही मिली।

विवाह समारोह के दौरान लड़का-लड़की के बालिग होने की जांच की गई ताकि जिले में बाल विवाह जैसी कुप्रथा पर रोक लग पाए। उन्होंने बताया कि जांच के लिए जिला महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी के दिशा-निर्देशन में बाल विवाह रोकने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा