जींद:पत्नी से झगड़े के बाद मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक
जींद, 04 सितंबर (हि.स.)। सफीदों खंड के गांव रत्ताखेड़ा में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के मोबाइल टावर पर चढऩे की सूचना मिलने पर पुलिस तथा ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उसे समझा-बुझा कर शांत किया। मामला लिव इन रिलेशनशिप का है।
सफीदों खंड के गांव रत्ताखेड़ा निवासी सुनील शुक्रवार को गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। आसपास के लोगों ने जब उसे देखा तो उतारने की कोशिश की लेकिन सुनील नहीं उतरा। बाद में पुलिस ने उसे समझा बुझाकर नीचे उतारा और परिजनों को सौंप दिया।
सुनील गांव बहादुरगढ़ का रहने वाला है। वह शादीशुदा है और इस समय वह महिला के साथ गांव रत्ताखेड़ा में लिव इन रिलेशनशिप में रहता है। वह मजदूरी करता है। वह जिस महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता है, उसकी मां अपनी बेटी को लेकर जा रही थी। सुनील ने कहा कि वह जिसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता है, उसे जाने नहीं देगी लेकिन महिला नहीं मानी और अपनी बेटी को लेकर जाने लगी।
इसी कारण सुनील कुमार टावर पर चढ़ गया। सदर थाना सफीदों प्रभारी चंद्रपाल ने कहा कि पुलिस ने युवक को समझा बुझा कर नीचे उतार लिया था। इसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा