जींद : बस की खिड़की से गिर कर यात्री की मौत, चालक पर मामला दर्ज
जींद, 12 मई (हि.स.)। सफीदों स्थित रामपुरा रोड पर बस से उतरते समय एक व्यक्ति की खिड़की से गिर कर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर फरार बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सफीदों निवासी संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार को उसका पिता कर्मबीर बाहर गया हुआ था। जो बस से वापस घर लौट रहा था। वह अपने पिता को लेने के लिए रामपुरा रोड पर बने ब्रेकर पास खड़ा हुआ। कुछ समय के बाद बस आई। जब उसकी पिता खिड़की से नीचे उतर रहा था तो चालक ने बस को चला दिया। जिससे गिर कर उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना को अंजाम देकर चालक बस समेत मौके से फरार हो गया। जिस पर वह राहगीरों के सहयोग से अपने पिता कर्मबीर को नागरिक अस्पताल सफींदो ले गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर शहर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मंगलवार को पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। शहर थाना सफीदों के जांच अधिकारी रामकुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के बेटे संदीप की शिकायत पर फरार बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा