नूंह: 41वें दिन मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज का आंदोलन पड़ा ठंडा, कैंपस से गायब हुई भीड़
नूंह, 11 नवंबर (हि.स.)। नूंह के पल्ला गांव स्थित मेवात वक्फ इंजीनियरिंग कॉलेज में पिछले 40 दिनों से जारी आंदोलन के 41वें दिन बुधवार को माहौल पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। जिस कॉलेज परिसर में पिछले कई दिनों से भारी भीड़, नारेबाजी और हंगामा दिखाई दे रहा था, वहां आज सन्नाटा पसरा रहा। आंदोलन के दौरान बाहर से आए लोगों की भीड़ भी अब कॉलेज परिसर में दिखाई नहीं दे रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा पहचान कर बाहरी लोगों को कॉलेज कैंपस से बाहर किए जाने के बाद अब परिसर में मुख्य रूप से कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र ही नजर आ रहे हैं।
धरना स्थल की तस्वीर भी बदली हुई दिखाई दी। जहां पहले बड़ी संख्या में छात्र धरने पर बैठते थे, वहीं बुधवार को कुछ ही छात्र इधर-उधर बैठे नजर आए। इसके अलावा कॉलेज के कुछ लेक्चरर और कर्मचारी भी धरना स्थल पर मौजूद रहे। पूरे कॉलेज परिसर में न तो पहले जैसी नारेबाजी सुनाई दी और न ही किसी तरह का हंगामा देखने को मिला। छात्र सामान्य रूप से कॉलेज परिसर में बैठे दिखाई दिए।
आंदोलन के इस बदले माहौल की एक बड़ी वजह मंगलवार को हरियाणा वक्फ बोर्ड प्रशासन की ओर से छात्रों की सभी मांगों को लिखित रूप में मंजूरी दिया जाना माना जा रहा है। मांगों पर सहमति बनने के बाद कुछ छात्रों ने आंदोलन को लेकर अपनी सहमति जताते हुए कहा कि उनकी मांगें मान ली गई हैं। वहीं कुछ छात्रों ने यह भी कहा कि उन्हें इस आंदोलन में इस्तेमाल किया गया, जिसका उन्हें अफसोस है।
वहीं कॉलेज के लेक्चरर का कहना है कि यह आंदोलन पिछले 40 दिनों से चल रहा है और बुधवार को 41वां दिन है। आंदोलन शुरू करने के पीछे छात्रों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और कॉलेज के स्टाफ को समय पर वेतन दिलाने की मांग प्रमुख थी। इस संबंध में जिला उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा गया था। ज्ञापन में मांग की गई थी कि यदि वक्फ बोर्ड कॉलेज का संचालन सही तरीके से नहीं कर पा रहा है तो इसे हरियाणा सरकार के अधीन कर दिया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और शिक्षकों व कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया