जींद : सीआरएसयू विश्वविद्यालय में एबीवीपी ने खोला कुलसचिव के खिलाफ मोर्चा, फूंका पुतला

 




जींद, 28 अप्रैल (हि.स.)। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं ने छात्रों की मांगों को लेकर कुलसचिव प्रो. सीमा गुप्ता के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रदर्शन किया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर, पोस्टर और मांग पत्र लेकर पहुंचे तथा छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन को घेरते हुए कहा कि लंबे समय से विश्वविद्यालय में छात्रों की मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं लेकिन प्रशासन केवल आश्वासन देकर समय व्यतीत कर रहा है। कुलसचिव को छात्र समस्याओं से अवगत करवाया गया है लेकिन कोई कार्रवाई नही की गई है। जींद विश्वविद्यालय अध्यक्ष सतविंदर ढिल्लो ने कहा कि जब तक छात्र हितों की मांगें पूरी नहीं होती तब तक परिषद चुप नहीं बैठेगी। यदि प्रशासन वास्तव में छात्र हितैषी है तो अधिकारियों को छात्रों के बीच आकर संवाद करना चाहिए लेकिन लंबे इंतजार के बावजूद कुलसचिव कार्यालय से बाहर नहीं आई।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रोहन सैनी ने मांग की कि विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान अर्न बाय लर्न योजना लागू की जाए ताकि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। पासपोर्ट सुविधा केंद्र सहायता डेस्क विश्वविद्यालय में स्थापित किया जाए। ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आयोजित किए जाएं। वोटर आईडी रजिस्ट्रेशन लगाया जाए। सभी कक्षाओं में एसी एवं कूलिंग व्यवस्था की जाए। रिवॉल्सयूशन रिजल्ट जल्द जारी किए जाएं। डीएससी प्रिंट सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जाए। यूजी और पीजी छात्रों को स्पेशल चांस दिया जाए।

हॉस्टल और कैंटीन सुविधाओं में सुधार हो। प्लेसमेंट सेल को मजबूत किया जाए। ओबीसी छात्रों की तीन साल से लंबित स्कॉलरशिप जारी हो। एससी छात्रों की एक साल से लंबित छात्रवृत्ति तुरंत जारी हो। विश्वविद्यालय में बस सुविधा शुरू की जाए। निजी बस पास को मान्यता दी जाए। सभी विभागों के छात्रों के लिए इंडस्ट्रीयल विजिट व रोजगार मेले लगाए जाएं। इकाई उपाध्यक्ष नवीन ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन को पांच दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। अगर जल्द ही मांगों को पूरा नही किया गया तो वो आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा