नूंह:कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन की मजबूती पर जोर

 


नूंह, 13 सितंबर (हि.स.)। नूंह जिले के नगीना खंड में रविवार को कांग्रेस की ओर से आयोजित ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद, फिरोजपुर झिरका विधायक चौधरी मामन खान इंजीनियर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी शहीदा खान, चौधरी महताब अहमद, पुनहाना से कांग्रेस प्रत्याशी रहे हाजी अख्तर हुसैन काटपुरी, इब्राहिम इंजीनियर सहित पंच, सरपंच, जिला पार्षद और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद ने कहा कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रदेश के सभी 180 ब्लॉकों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 18 से 20 बूथों पर एक मंडलम अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा, जबकि प्रत्येक बूथ पर 10 से 15 युवाओं की सक्रिय टीम तैयार की जाएगी।

आफताब अहमद ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है, क्योंकि चुनाव में बूथ की मजबूती ही जीत का आधार बनती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

फिरोजपुर झिरका विधायक चौधरी मामन खान इंजीनियर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में मेवात के पिनगवां खंड से शुरू हुए ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों ने पूरे हरियाणा में कार्यकर्ताओं के बीच नई ऊर्जा का संचार किया है। उन्होंने कहा कि नगीना में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।

मामन खान ने मेवात के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नल्हड़ स्थित शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज और मांडीखेड़ा का अल-आफिया अस्पताल अपेक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं और रेफरल सेंटर बनकर रह गए हैं।

सम्मेलन में नगीना खंड कांग्रेस अध्यक्ष रज्जाक खान, मुबीन तेडिया, मुबारिक मलिक, साकिर लाहाबास, डॉ. उस्मान, दीना झारपुड़ी, सोहराब, हाजी सुबराती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया