नूंह में सड़कों की बदहाली में सुधार की मांग पर केंद्रीय सचिव से की मुलाकात
नूंह, 03 जुलाई (हि.स.)। नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद ने सड़क यातायात व हाईवे मंत्रालय भारत सरकार के सचिव वी.उमा शंकर से बैठक कर जिले की सड़कों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की है। आफताब अहमद ने मांग करते हुए कहा कि दिल्ली वड़ोदरा मुंबई एक्सप्रेस वे पर मरोड़ा, नगीना में कट मिले, ताकि नूंह जिले के लोगों, स्थानीय ड्राइवरों व नगीना, पुनहाना, पिनगवां खंड के स्थानीय लोगों को लाभ मिल सके।
आफताब अहमद ने मरोड़ा कट से राजस्थान के तिजारा और होडल के लिए सीधे रूट देने की मांग रखी है ताकि बढ़ते हुए यातायात को ध्यान में रखते हुए लोगों की जरूरतों को पूरा किया जा सके। विधायक ने बताया कि इस विषय में बीते साल 4 अप्रैल 2025 को सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली को पत्र लिखकर मांग की गई थी।
विधायक आफ़ताब अहमद ने दिल्ली वड़ोदरा मुंबई एक्सप्रेस वे पर गांव चिलावली, नूंह में मंजूरशुदा कट पर जल्द कार्य शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे जिले के लोगों के साथ साथ हथीन खंड के स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा। विधायक आफ़ताब अहमद ने राष्ट्रीय राजमार्ग 248 ए के लंबित कार्य को प्राथमिकता पर पूरा करने की मांग रखी है। उन्होंने नूंह शहर, मालब, भादस में राष्ट्रीय राजमार्ग 248 ए पर बाईपास निर्माण करने का भी मुद्दा उठाया।
विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि दिन प्रतिदिन बढ़ रही आबादी और यातायात की जरूरतों को देखते हुए बाईपास समय की मांग है। उन्होंने बताया कि पहले भी साल 2024 और 2025 में भी सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली को पत्र लिखकर मांग की गई थी। विधायक आफ़ताब अहमद ने बड़कली चौक से कनीना, झज्जर तक मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि वाया पिनगवां, पुन्हाना, होडल, बहीन, कोट, उटावड़, नूंह, तावडू, बिलासपुर चौक, पटौदी, पटौदा सड़क को चार मार्ग करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे नूंह, पलवल, झज्जर, गुरुग्राम के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि ये एम डी आर रोड है, लगातार बढ़ रहे यातायात को देखते हुए इसे अब राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर देना चाहिए ताकि कई जिलों को सीधा लाभ मिल सके। विधायक आफ़ताब अहमद ने बताया कि सभी मांगों पर सकारात्मक जवाब मिला है, उम्मीद है जल्द ही अच्छा परिणाम निकलेगा जिससे कई जिलों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया