सोनीपत: खेल विश्वविद्यालय में प्रवेश शुरू 30 जून तक करें आवेदन
सोनीपत, 18 जून (हि.स.)। हरियाणा
खेल विश्वविद्यालय, राई ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर,
शोध तथा डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी
30 जून तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय
के कुलपति अशोक कुमार ने गुरुवार को बताया कि खेलों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध
कराने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय लगातार अपने शैक्षणिक कार्यक्रमों का विस्तार कर
रहा है। उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में करियर बनाने के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त
करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए यह संस्थान बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है। विश्वविद्यालय
में स्नातक स्तर पर शारीरिक शिक्षा एवं खेल तथा खेल विज्ञान से जुड़े पाठ्यक्रम संचालित
किए जा रहे हैं। वहीं स्नातकोत्तर, शोध और खेल प्रशिक्षण डिप्लोमा कार्यक्रमों में
भी प्रवेश दिए जा रहे हैं। खेल प्रशिक्षण डिप्लोमा के तहत एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी,
बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती, तैराकी, योगासन सहित कुल 19 खेल
शामिल हैं। इसके अलावा खेल पोषण, खेल मनोविज्ञान, खेल प्रबंधन तथा खेल पत्रकारिता एवं
जनसंचार से संबंधित डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
सत्र
2026-27 से खेल विज्ञान में एमएससी तथा तीरंदाजी खेल प्रशिक्षण डिप्लोमा के नए कार्यक्रम
शुरू किए जा रहे हैं। इनके साथ विश्वविद्यालय में संचालित शैक्षणिक कार्यक्रमों की
संख्या बढ़कर 30 हो जाएगी। पिछले शैक्षणिक सत्र में विभिन्न पाठ्यक्रमों में लगभग
750 विद्यार्थियों का नामांकन रहा। छात्र संख्या के आधार पर विश्वविद्यालय देश के प्रमुख
खेल एवं शारीरिक शिक्षा विश्वविद्यालयों में शामिल हो चुका है। विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय
अनुदान आयोग तथा एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज से मान्यता प्राप्त है। खेल प्रशिक्षण
डिप्लोमा कार्यक्रमों को भी राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना