हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी में दाखिला प्रक्रिया शुरू
एनसीएएचपी गाइडलाइंस के तहत संचालित किया जा रहा कोर्स : प्रो. नरसी राम बिश्नोई
हिसार, 22 जून (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी
(बीएमआरआईटी) पाठ्यक्रम में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। दाखिलों के लिए ऑनलाइन
आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई है। यह कोर्स एनसीएएचपी गाइडलाइंस के तहत संचालित
किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने साेमवार काे बताया कि यह कोर्स राष्ट्रीय
स्वास्थ्य परिषद (एनसीएएचपी) की गाइडलाईंस के अनुसार है, जिससे देश-विदेश में आसानी
से केंद्रीय पंजीकरण प्राप्त होता है। विद्यार्थियों को सीटी स्कैन, एमआरआइ, एक्स-रे
और अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक मशीनों का प्रैक्टिकल ज्ञान मिलता है। इस कोर्स में सरकारी
व निजी अस्पतालों तथा डायग्नोस्टिक सेंटर्स में ‘रेडियोलॉजी टेक्नोलॉजिस्ट’ के रूप में आकर्षक
सैलरी पैकेज पर तुरंत नियुक्तियां हो जाती हैं। कुलसचिव डा. विजय कुमार ने बताया कि
मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं
हैं।
एलाइड हैल्थ साइंस विभाग के अध्यक्ष प्रो. ओम प्रकाश सांगवान ने बताया कि संभावित
मेरिट सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 24 जुलाई को प्रदर्शित की जाएगी। दाखिले के
लिए प्रथम फिजिकल काउंसलिंग 28 जुलाई को, दूसरी फिजिकल काउंसलिंग 30 जुलाई को व तीसरी
फिजिकल काउंसलिंग 05 अगस्त को होगी। विभाग की प्रभारी डा. अंजु गुप्ता ने बताया कि इस कोर्स में दाखिले के लिए
अभ्यर्थियों का भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान (पीसीबी) विषयों के साथ
10$2 (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इस कोर्स में 40 सीटें उपलब्ध
हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर