हिसार: दशहरे पर पुलिस अलर्ट, सात स्थानों पर रावण दहन के दौरान तैनात रहेगा अतिरिक्त पुलिस बल

 


हिसार, 19 अक्टूबर (हि.स.)। दशहरा पर्व पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन

की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। मंगलवार

को जिले में सात प्रमुख स्थानों पर होने वाले रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान अतिरिक्त

पुलिस बल तैनात रहेगा।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देशानुसार आयोजन स्थलों पर भीड़ नियंत्रण,

यातायात व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए पुलिस अधिकारियों,

कर्मचारियों और महिला पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटियां लगाई गई हैं। ईआरवी, पीसीआर

और राइडर कर्मचारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार गश्त करेंगे, ताकि दशहरा पर्व

शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

जिले में दशहरा पर्व पर पुराना राजकीय कॉलेज मैदान हिसार, नई सब्जी मंडी, सामुदायिक

केंद्र पटेल नगर के खाली मैदान, विद्युत नगर, शिव कॉलोनी के पास मंडी आदमपुर, नई सब्जी

मंडी के सामने उकलाना तथा प्रजापति कॉलोनी, दौलतपुर रोड बरवाला में रावण दहन एवं अन्य

कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सभी स्थानों पर संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व

में पुलिस बल तैनात रहेगा। महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, पर्यवेक्षण

अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी करेंगे।

पुलिस ने कार्यक्रम स्थलों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के

लिए भी विशेष प्रबंध किए हैं। वाहनों की पार्किंग, प्रवेश और निकासी मार्गों तथा लोगों

की आवाजाही को व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने साेमवार काे आमजन से अपील की कि वे दशहरा पर्व को आपसी भाईचारे

और सौहार्द के साथ मनाएं तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

लोग अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और भीड़भाड़ वाले स्थानों

पर बच्चों का विशेष ध्यान रखें। किसी लावारिस वस्तु या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने

पर स्वयं जांच करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न

देने, अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने और यातायात नियमों का पालन

करने की भी अपील की। एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था

बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है तथा ड्यूटी में तैनात कर्मचारी पूरी मुस्तैदी और

जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर