नूंह में गरीब लड़कियों की शादी के नाम पर ठगी का आरोपी दो साल बाद गिरफ्तार

 


नूंह, 07 सितंबर (हि.स.)। गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में आर्थिक सहायता, मोटरसाइकिल, फर्नीचर और घरेलू सामान उपलब्ध कराने का झांसा देकर कथित ठगी करने के मामले में रोजकामेव थाना पुलिस ने एक आरोपी को करीब दो वर्ष बाद गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ निवासी गांव घासेड़ा, थाना सदर नूंह के रूप में हुई है।

आरोपी के खिलाफ वर्ष 2024 में थाना रोजकामेव में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में उसकी भूमिका सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने साेमवार काे बताया कि पहला मामला गांव उदाका निवासी मुबारिक की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी और उसके साथियों ने बेटियों की शादी में मदद दिलाने का भरोसा देकर मुबारिक और उसके भाई कय्यूम से लाखों रुपये लिए। आरोप है कि उन्हें मोटरसाइकिल, फर्नीचर, घरेलू सामान और कन्यादान राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वादे के अनुसार पूरी सहायता नहीं दी गई।

इसी प्रकार दूसरे मामले में भी बेटियों की शादी में सहायता उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों से रकम लेने और बाद में उन्हें टालमटोल कर कथित रूप से ठगी करने के आरोप लगाए गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की थी। कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में चालान पेश किया जा चुका है, जबकि कुछ आरोपी जमानत पर हैं।

पुलिस के अनुसार दोनों मामलों की जांच के दौरान आसिफ की भूमिका सामने आई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया