जींद : पूर्व नायब तहसीदार की शिकायत पर चार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

 


जींद, 07 मई (हि.स.)। सिविल लाइन थाना पुलिस ने राजस्व विभाग तथा नप रिकार्ड में छेड़छाड़ तथा मिलीभगत कर दूसरे की जमीन अपने नाम करवाने पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आदमपुर के सब रजिस्ट्रार एवं जीद के पूर्व नायब तहसीलदार अजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिसंबर 2021 से आठ मार्च 2024 तक वह जींद में नायब तहसीदार रहे हंै। अब उनके संज्ञान में आया है कि कुछ लोगों ने मिलीभगत कर राजस्व विभाग के रिकार्ड तथा नप के रिकार्ड में छेड़छाड़ कर जमीन का अपने नाम करवा लिया है। जो कि धोखाधड़ी है। गांव जैजैवंती निवासी मनदीप, गांव कोथ कलां निवासी रोशनी, गांव खरकड़ी हिसार निवासी सुनील कुमारी, गांव पेटवाड़ निवासी कमलेश ने वसीका नंबर 1308 को 30 मई 2023 को पंजीकरण के लिए आवेदन किया। जिसमें न तो प्रोपर्टी आईडी थी और न ही नो डयूज था।

इससे पूर्व मनदीप ने जमीन को खून के रिश्ते में अपने पिता सुरेंद्र के नाम करवा दिया। जिसका इंतकाल भी किया जा चुका था। आरोपित मनदीप ने ऑनलाइन अपायटमेंट लेकर सरकारी पोर्टल जमाबंदी में मालकीयत अपने नाम करवा ली। जबकि उससे पहले जमीन उसके पिता के नाम ट्रांसफर हो चुकी थी। आरोपित ने जमीन को अपने नाम करवा लिया। आरोपित ने कुछ लोगों के साथ मिलीभगत कर राजस्व तथा नप रिकार्ड में छेड़छाड़ कर गुमराह करने का काम किया है। गुरूवार को जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी वजीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने पूर्व नायब तहसीलदार अजय की शिकायत पर आरोपित मनदीप, रोशनी देवी, सुनील कुमारी, कमलेश के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा