पानीपत: विदेश भेजने के नाम पर लाखों रूपए की ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार
पानीपत, 19 मार्च (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने गांव रेर कला निवासी एक व्यक्ति से उसके बेटे व भांजे को कनाडा भेजने के नाम पर चार लाख 30 हजार रूपए की ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान करनाल के तरावड़ी निवासी बंटी सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी बंटी सिंह ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
एसपी को दी शिकायत में गांव रेर कला गांव निवासी दर्शन लाल ने बताया था कि करनाल के मुनक गांव निवासी हिरालाल व सूरज 15 जनवरी 2023 को उनके घर पर आए और बताया वे दोनों तरावड़ी निवासी अपने जानकार बंटी सिंह के साथ मिलकर लोगों को कानूनी तरीके से विदेश भेजने का काम करते है। अभी कनाडा की एक कंपनी की तरफ से उन्हे 18 लोगों को कनाडा भेजना है। दोनों ने उसके बेटे विक्की को 18 लाख रुपए में कनाडा भेजकर काम लगवाने की बात कही।
इसके लिए उसे तीन लाख रूपए पहले और 3 लाख रूपए वीजा लगने के बाद देने के लिए कहा। और कनाडा पहुंचकर कंपनी में काम करते हुए 12 लाख रूपए किश्तो में कटवाने की बात कही। उसने दोनो की बातों पर विश्वास कर हां कर दी। दे दोनों विक्की का पासपोर्ट ले गए। उससे 21 जनवरी 2023 को 1 लाख रूपए कैश और इसके दो दिन बंटी सिंह के खाते में 30 हजार रूपए ऑनलाइन इसके बाद उसका पासपोर्ट लेकर तीन लाख रूपए ओर ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
पैसे लेने के बाद आरोपी बहाने बाजी करने लगे और धमकी देकर कहा पुलिस में शिकायत दी तो वह पासपोर्ट वापिस नहीं देगे। आरोपियों ने जांन से मारने की धमकी भी दी। आरोपियों ने साजिश रचकर उसके बेटे विक्की व भांजे को विदेश भेजने के नाम पर उनसे चार लाख 30 हजार रूपए की ठगी कर ली। थाना सदर में दर्शन लाल की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
पुलिस ने गुरुवार को आरोपी बंटी सिंह को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी ने गहनता से पूछताछ करने के साथ ही ठगी की नकदी बरामद करने का प्रयास करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा