जींद : सब्जी बेचने जा रहे व्यक्ति से लूट के दो आरोपित गिरफ्तार
जींद, 11 अगस्त (हि.स.)। सदर थाना सफीदों पुलिस ने रास्ता रोक कर मारपीट करने, नगदी, मोबाइल फोन लूटने केदो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों पर पहले भी लूट का मामला दर्ज है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। गांव बुढाखेड़ा निवासी सुखबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह बाइक पर सवार होकर सब्जी मंडी सफीदों में सब्जी बेचने जा रहा था। गांव जयपुर के निकट कार सवार युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। जिसके बाद आरोपितों ने उसे असलहा के बल पर काबू कर मारपीट शुरू कर दी।
आरोपित उससे 1500 रुपये की नगदी, मोबाइल फोन, एटीएम तथा अन्य सामान को लूट लिया। सदर थाना सफीदों पुलिस ने सुखबीर की शिकायत पर अज्ञात कार सवार दो युवकों के खिलाफ लूट तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस जांच में सोनीपत निवासी श्रवण तथा ज्योति नगर (पानीपत) निवासी नरेंद्र का नाम सामने आया। सदर थाना सफीदों पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। मंगलवार को जानकारी देते हुए सदर थाना सफीदों प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि दोनों आरोपितों पर शहर थाना में भी लूट का मामला दर्ज है। दोनों आरोपितों से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा