सिरसा: फर्जी दस्तावेज तैयार कर नशे से अर्जित संपत्ति बचाने की कोशिश, तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 20 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित संपत्ति को बचाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करवाने के आरोप में जिला क्षेत्र से गुरुवार को नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वकील सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की करीब 30 लाख रुपए की संपत्ति पहले ही फ्रीज की जा चुकी है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति को वैध कृषि आय से प्राप्त बताने का प्रयास किया। इसके लिए करीब 97 कनाल भूमि का फर्जी ठेकानामा तैयार करवाया गया। इसके आधार पर जे-फॉर्म, आईटीआर, ठेकानामा सहित अन्य दस्तावेज तैयार किए गए।
इन दस्तावेजों को सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक दिल्ली के समक्ष प्रस्तुत कर संपत्ति की फ्रीजिंग व अटैचमेंट कार्रवाई से बचने का प्रयास किया गया। पुलिस जांच में दस्तावेजों पर मार्केट कमेटी डबवाली और कालांवाली की फर्जी मोहरों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। फर्जी जे-फॉर्म में एक फर्म का नाम इस्तेमाल करने के आरोप में थाना सदर डबवाली में केस दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी वकील सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के आठ मामले दर्ज हैं। नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति के रूप में चिह्नित करते हुए 31 जुलाई को उसकी करीब 30 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की गई थी। इसमें 14 कनाल कृषि भूमि, बैंक खाते की राशि और एक मोटरसाइकिल शामिल है।
पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई केवल गिरफ्तारी और नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है। नशे के कारोबार से अर्जित काली कमाई और उससे बनाई गई संपत्तियों की पहचान कर उन्हें कानून के अनुसार फ्रीज व अटैच करने की कार्रवाई लगातार जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma