पानीपत में गर्भवती महिला को दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आराेप में मुकदमा दर्ज

 


पानीपत, 29 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के पानीपत के गांव गढ़ी बेसिक की एक महिला को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए बेरहमी से प्रताड़ित करने और गर्भवती होने के बावजूद बिजली का करंट लगाकर जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव गढ़ी बेसिक निवासी महिला ने बताया कि उसका निकाह दो साल पहले जिला बागपत निवासी नौशाद के साथ हुआ था। निकाह में उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार शादी में करीब 10 लाख रुपए खर्च किए थे। लेकिन ससुराल पहुंचते ही ससुर ताहिर और पति नौशाद ने दहेज को कम लाने के ताने देने शुरू कर दिए। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति नौशाद दहेज में मिली प्लेटिना बाइक से खुश नहीं था। उसने बुलेट मोटरसाइकिल, दो तोले की सोने की चेन और एक तोले की अंगूठी की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसे मायके छोड़ दिया गया। बाद में पिता द्वारा 51 हजार रुपए देने के बाद पति उसे वापस ले गया।

पीड़िता ने बताया कि जब वह गर्भवती हुई और उसने पति की अतिरिक्त पैसों की मांग का विरोध किया, तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। और देवर शहजाद और जेठ इरसाद ने उसे पकड़कर बेड पर गिरा दिया और बिजली का करंट लगाकर जान से मारने की कोशिश की, शोर मचाने पर पड़ोसियों ने उसे बचाया। इसके बाद पंचायत भी हुई, जिसमें ससुराल पक्ष ने माफी मांगी, लेकिन बाद में वे फोन पर गर्भ गिराने और जान से मारने की धमकियां देने लगे। परेशान होकर पीड़िता ने थाना सनौली में लिखित शिकायत देकर आपबीती सुनाई।

सनौली थाना पुलिस ने शनिवार को पीड़िता की शिकायत और मेडिएशन सेंटर की रिपोर्ट के आधार पर पति, ससुर, जेठ और देवर के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा