जींद : घरेलू कलह के चलते पत्नी का हत्यारोपित पति गिरफ्तार

 


जींद, 1 अप्रैल (हि.स.)। गांव दनौदा खुर्द में रविवार अल सुबह सोटा मार कर पत्नी की हत्या करने के आरोपित पति को सदर थाना नरवाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि सुल्तानपुरा आगरा (यूपी) निवासी रवि ने गत 31 मार्च पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी बहन पूजा (35) की शादी लगभग 16 साल पहले महेंद्र के साथ हुई थी। पूजा की यह दूसरी शादी थी। पहली शादी से एक लड़की है। जबकि दूसरी शादी से दो लड़के हैं। पति तथा पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। 31 मार्च अल सुबह उसके जीजा महेंद्र ने सोटे से वार कर उसकी बहन पूजा की हत्या कर दी। सूचना पाकर जब वह मौके पर पहुंचा तो पूजा खून से लथपथ चारपाई पर पड़ी हुई थी। सदर थाना पुलिस ने मृतका के भाई रवि की शिकायत पर उसके जीजा महेंद्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र/संजीव