हिसार : क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर सात लाख 19 हजार की धोखाधड़ी, एक काबू

 

साइबर पुलिस ने लुधियाना से पकड़ा आरोपी, इससे पहले दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

हिसार, 14 अक्टूबर (हि.स.)। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर सात लाख 19 हजार

रुपये की धोखाधड़ी के मामले में बुधवार काे साइबर पुलिस ने एक और आरोपी को पंजाब के लुधियाना से

गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लुधियाना निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक मुदगिल ने बताया कि सातरोड़ निवासी राजेश की शिकायत

पर 16 मई को क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायत

के अनुसार, आरोपियों ने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर उससे सात लाख 19 हजार रुपये

ठग लिए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले फतेहाबाद निवासी रविदत्त और मध्य

प्रदेश निवासी अनिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब जांच को आगे बढ़ाते हुए गुरप्रीत

सिंह को लुधियाना से गिरफ्तार किया गया है।

एएसपी मयंक मुदगिल ने लोगों से अपील की कि क्रिप्टोकरेंसी या किसी अन्य ऑनलाइन

निवेश में मोटे मुनाफे के लालच में आकर जल्दबाजी में पैसा न लगाएं। निवेश करने से पहले

संबंधित प्लेटफॉर्म, कंपनी और व्यक्ति की विश्वसनीयता की जांच करें। किसी अनजान व्यक्ति

के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने

से बचें। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें

या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। समय पर शिकायत करने

से ठगी की रकम को रोकने या वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर